विभिन्न मांगों को लेकर रेलवे कर्मियों ने दिया धरना
हापुड़। उत्तरीय रेलवे मजदूर यूनियन ने बृहस्पतिवार को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया। केंद्रीय नेतृत्व के आह्वान पर उत्तर रेलवे के सभी रेलवे स्टेशनों से 22 से 30 अप्रैल तक यह धरना प्रदर्शन चल रहा है।
धरने के दौरान मंडल मंत्री शलभ सिंह ने कहा कि एक जनवरी 2014 से रेलवे में कार्यरत युवाओं के लिए पुरानी पेंशन स्कीम लागू की जाए तथा नई पेंशन स्कीम रद्द की जाए। मुरादाबाद मंडल में ट्रेक मैन कैडर के जिन कर्मचारियों को पद्दोन्नित मिली है उनके एरियर बिलों का भुगतान एकाउंट विभाग में लंबे समय से लंबित पड़ा हैं जिसका भुगतान जल्द कराया जाए।
शाखा अध्यक्ष विनीत शर्मा ने कहा कि ट्रेकमैन व अन्य सभी विभागों के आवासों की मरम्मत कराई जाए ताकि रेलवे बोर्ड द्वारा निर्धारित रोड साइड स्टेशनों के मकानों में समस्त सुविधा प्रदान कराई जाए। शाखा सचिव एसके उपाध्याय ने कहा कि मुरादाबाद मंडल के सभी गेटों पर वहां से गुजरने वाले वाहनों की गणना कराई जाए तथा निर्धारित मानकों के अनुसार आठ घंटों की ड्यूटी कर्मचारियों से ली जाए।
इस अवसर पर मंडल संगठन सचिव जेसी मीणा, विमल शर्मा, एसके पालीवाल, सतेंद्र सिंह, हर्षस्वरूप चौहान, संजीव शर्मा, दिनेश कुमार, श्यामसिंह नेगी, महीपाल सिंह, सोहनपाल सिंह, तरुण कुमार, ललित धामा, जगराम, जयप्रकाश, सुनील, राहुल, लोकेश, अनिल कुमार, प्रदीप गोस्वामी आदि मौजूद थे।