परिषदीय विद्यालयों में 31 से होंगी सत्र परीक्षाएं
हापुड़। परिषदीय विद्यालयों में सत्र परीक्षाएं 31 दिसंबर से आयोजित होंगी। दो पालियों में 60 हजार छात्र परीक्षाएं देंगे। बीएसए ने नगर और खंड शिक्षा अधिकारियों को परीक्षा के संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं।
जिलेभर के करीब 650 विद्यालयों में 60 हजार छात्र अध्ययनरत हैं। दिसंबर तक कक्षाओं में उन्हें जो कुछ पढ़ाया गया है, उसके आंकलन के लिए अब सत्र परीक्षाओं का आयोजन किया जा रहा है।
सत्र परीक्षाओं का कार्यक्रम भी घोषित कर दिया है। इसमें 31 दिसंबर, दो जनवरी, तीन जनवरी को दो पालियो में परीक्षाएं होंगी। कक्षा एक के छात्र केवल मौखिक परीक्षा देंगे, दो से तीसरी कक्षा के छात्र को 50 फीसदी मौखिक व 50 फीसदी लिखित परीक्षा देनी होगी। कक्षा 6 से 8वीं तक के छात्र सिर्फ लिखित परीक्षा देंगे।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी देवेंद्र गुप्ता ने बताया है कि परीक्षा कार्यक्रम घोषित कर, नगर और खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित कर दिया गया है। परीक्षाएं शांतिपूर्वक संपन्न करा ली जाएंगी।