सिंभावली ब्लाक प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव खारिज
हापुड़। सिंभावली ब्लाक प्रमुख रविंद्र यादव के खिलाफ दूसरी बार भी आए अविश्वास प्रस्ताव को जिलाधिकारी ने खारिज कर दिया है। डीपीआरओ द्वारा जांच के दौरान नौ क्षेत्र पंचायत सदस्यों के शपथ पत्र फर्जी पाए गए हैं। ऐसे में बहुमत से कम समर्थन मिलने पर अविश्वास प्रस्ताव को खारिज कर दिया गया है।
गौरतलब है कि पूर्व सपा नेता सतपाल यादव के नेतृत्व में सिंभावली ब्लाक प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव डीएम को सौंपा गया था। लेकिन डीएम ने उसे अपूर्ण बताते हुए खारिज कर दिया था। 16 अक्तूबर को एक बार फिर अविश्वास प्रस्ताव व 59 सदस्यों के हस्ताक्षरित शपथ पत्र डीएम को सौंपा गया। जिसकी जांच डीपीआरओ को सौंपी गई थी। डीपीआरओ ने शपथ पत्रों का सत्यापन किया। जिसमें नौ क्षेत्र पंचायत सदस्यों अजय पुत्र भोपाल, राहिल पत्नी खालिद, प्रह्लाद पुत्र अंतराम, मुकेशवती पत्नी रतनपाल, सुनील सिंह पुत्र हरि सिंह, आशा पत्नी सुंदर, राजवती पत्नी पवन, भूरे खां पुत्र अब्बास, किश्वर जहां पत्नी जलालुद्दीन द्वारा अपने लिखित बयान में स्पष्ट किया गया है कि उनके द्वारा अविश्वास प्रस्ताव नोटिस या शपथ पत्र पर हस्ताक्षर, अंगूठा नहीं लगाए गए हैं। जबकि दो क्षेत्र पंचायत सदस्य भगवती पत्नी प्रताप निवासी सलोनी घर पर उपस्थित नहीं मिली। पति ने लिखित बयान देते हुए बताया कि उनकी पत्नी 15 दिन से मायके में है। संजय पुत्र शीशपाल भी घर पर नहीं मिले। उनके पिता के द्वारा अवगत कराया गया कि उनका पुत्र करीब एक माह से बाहर है। डीएम अदिति सिंह ने बताया कि सत्यापन अधिकारी के अनुसार कुल 101 के सापेक्ष 48 सदस्यों के हस्ताक्षर ही सही पाए गए हैं, जो आधे से कम हैं। ऐसे में अविश्वास प्रस्ताव को खारिज कर दिया गया है।