भारत बंद की अफवाह से हापुड़
डिपो को 10 लाख का नुकसान
हापुड़। सोशल मीडिया पर दस अप्रैल मंगलवार को ‘भारत बंद’ के आह्वान की खबर वायरल होने से हापुड़ डिपो को करीब दस लाख रुपये का चूना लग गया। बसों में यात्रियों की संख्या सिर्फ 25 फीसदी तक रही।
दो अप्रैल को ‘भारत बंद’ के दौरान रोडवेज बसों को काफी नुकसान पहुंचाया गया था। करीब 21 बसों में तोड़फोड़ कर दी गई थी। यात्रियों को भी काफी चोटें आई थीं। ऐसे में सोशल मीडिया पर 10 अप्रैल को ‘भारत बंद’ की अफवाह फैलने से यात्री काफी भयभीत हो गए। आलम यह रहा कि मंगलवार को यात्रियों की संख्या बेहद कम रही। रोडवेज बसें खाली दौड़ती रहीं। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक एनपी सिंह ने बताया कि बसों के संचालन तो अच्छा रहा, लेकिन यात्रियों की संख्या बहुत कम रही। ऐसे में डिपो को करीब 10 लाख रुपये का नुकसान झेलना पड़ा है। ब्यूरो