हापुड़ में हाई अलर्ट, बंद बेअसर
1हापुड़। सोशल मीडिया पर 10 अप्रैल को भारत बंद के आह्वान के मद्देनजर हापुड़ में हाई अलर्ट रहा इस कारण बंद बेअसर रहा। हालांकि कुछ स्थानों पर दोपहर तक बंद का असर दिखाई दिया जहां दुकानें कम खुलीं। पूरे दिन चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बल तैनात रहे तथा आला अफसरों के काफिले सुबह से शाम तक दौड़ते रहे। दुकानें तो खुली रहीं, लेकिन दहशत में ग्राहक घरों से कम ही निकले। इंटरनेट सेवा बाधित रहने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि सुबह 10 से 2 दो बजे तक ब्रॉडबैंड सेवा चालू किए जाने से बैंकों में लेनदेन हो सका।
दो अप्रैल को बंद के दौरान शहर में फैली हिंसा से शहर अभी उबरा भी नहीं था कि सोशल मीडिया पर 10 अप्रैल को भारत बंद के मैसेज वायरल होने लगे। इससे पुलिस प्रशासन में हड़कंप की स्थिति बनी रही। हालांकि इस बार लोगों की सुरक्षा में पुलिस प्रशासन ने कोई चूक नहीं बरती। यही कारण था कि अधिकांशत: बंद बेअसर रहा।
सुबह से ही डीएम प्रमोद कुमार उपाध्याय, एसपी हेमंत कुटियाल, अपर जिलाधिकारी रजनीश राय, एडी एसपी राम मोहन सिंह, एसडीएम अजय श्रीवास्तव, सीओ राजेश कुमार सिंह समेत अनेक आला अफसर लगातार शहर का भ्रमण कर पल-पल की जानकारी लेते रहे।
शहर में संवेदनशील क्षेत्रों समेत अन्य अनेक स्थानों पर जगह-जगह भारी संख्या में सुरक्षा बल तैनात रहा। किसी भी संगठन ने भारत बंद में सहयोग की बात नहीं स्वीकारी। इतना जरूर था कि दुकान खोलने वाले दुकानदारों के चेहरों पर दो अप्रैल का खौफ साफ नजर आ रहा था। सराफा बाजार में अधिकांश दुकान दोपहर तक बंद रहीं जबकि चंडी रोड, रेलवे रोड समेत तमाम बाजार खुले रहे। यही नहीं 24 घंटे तक एंड्रॉयड फोन डब्बा बने रहे। ऐसे में युवा वर्ग काफी मायूस दिखा।
आईटी और साइबर एक्सपर्ट ने संभाली कमान
बंद की अफवाह के दौरान सोशल मीडिया पर वायरल मैसेज आदि पर ध्यान रखने के लिए जिले में पुलिस के साथ-साथ 60 आईटी एक्सपर्ट, तीन महिला एक्सपर्ट के अलावा साइबर एक्सपर्ट की टीम ने पूरी निगरानी रखी।
स्कूल रहे बंद
बंद की अफवाह के दौरान जिला प्रशासन ने मंगलवार को स्कूलों में अवकाश कर दिया। ऐसे में जिलेभर के स्कूल बंद रहे। सुरक्षा के लिए अभिभावकों ने बच्चों को घर में ही रखा। हालांकि सीसीएसयू व सीबीएसई की परीक्षाएं जारी रहीं।
कायम रही शांति व्यवस्था
जिलाधिकारी प्रमोद कुमार उपाध्याय ने बताया कि मंगलवार को जिले में शांति व्यवस्था कायम रही। सब कुछ सामान्य रहा। सुरक्षा की दृष्टि से पहले ही तैयारियां पूरी कर ली गई थीं।
एसपी का कथन
पुलिस अधीक्षक हेमंत कुटियाल का कहना था कि आम जनता के सहयोग और पुलिस प्रशासन के अफसरों की सतर्कता से शहर में कोई अप्रिय घटना नहीं घटी बल्कि सभी कुछ आम दिनों की तरह सामान्य रहा। एहतियात के तौर पर 24 घंटे के लिए बंद कराई गई इंटरनेट सेवा मंगलवार शाम से चालू करा दी गई।
जतिन त्यागी अनिल त्यागी 10एचपीआर02