शहीद के घर सांत्वना देने पहुंचे भाजपा नेता का विरोध
हापुड़। छत्तीसगढ़ के सुकमा में शहीद हुए शांति विहार निवासी शोभित शर्मा के परिजनों में सरकार के प्रति गुस्सा बरकरार है। शुक्रवार को शहीद के परिजनों को सांत्वना देने पहुंचे झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय संयोजक सुनील भराला को भी विरोध का सामना करना पड़ा। परिजनों ने शहीद को अपेक्षित सम्मान न मिलने का आरोप लगाया।
नगर के शांति विहार निवासी सीआरपीएफ जवान शोभित शर्मा छत्तीसगढ़ के सुकमा में बारुदी सुरंग फटने से शहीद हो गए थे। बुधवार को उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया था। शुक्रवार को झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय संयोजक सुनील भराला शहीद के परिजनों को सांत्वना देने यहां पहुंचे। इस दौरान उन्हें शहीद के परिजनों का विरोध झेलना पड़ा। परिजनों ने भाजपा पर शहीद का अपेक्षित सम्मान न करने का आरोप लगाया। उनका आरोप था कि अंतिम संस्कार के दिन जिले के प्रभारी मंत्री गेस्ट हाउस में आराम फरमाते रहे। दोपहर बाद पार्थिव शरीर आने के बाद कुछ देर औपचारिकता निभाने के बाद घर से ही लौट गए। उन्होंने अंतिम संस्कार तक रुकना गवारा नहीं समझा। शहीद के भाईयों ने कहा कि भाजपा नेता केवल फोटो खिंचाने की राजनीति करते हैं। सुनील भराला ने कहा कि वे सरकार से परिवार को पूरा सम्मान और शहीद के परिवार को हर संभव मदद की मांग करेंगे। शहीद के परिवार को पूरा हक मिलेगा। इस दौरान जिला मंत्री व मीडिया प्रभारी प्रवीण सेठी, मुरली पंडित, राजू पारिक, विकास शर्मा भी उपस्थित थे।