सावधान! जिले के 4.20 लाख बैंक खाताधारकों के खातों में कभी भी लेन-देन बंद हो सकता है। वजह, 29 अप्रैल तक बैंक खातों को आधार कार्ड से लिंक किया जाना था, लेकिन अब तक सिर्फ 2.80 लाख ग्राहक ही लिंक हुए हैं। 60 फीसदी खाते आधार कार्ड से लिंक नहीं हैं।
बैंक अफसर नया सर्कुलर आते ही खाते बंद करने की बात कह रहे हैं। नोटबंदी के बाद आधार कार्ड आधारित लेन देन और बायोमैट्रिक मशीन के जरिए अंगूठा लगाकर ही खाते से फंड ट्रांसफर की सुविधा के लिए सभी बैंक अपने ग्राहकों के बैंक खाते आधार कार्ड नंबर से लिंक कर रहे हैं।
29 अप्रैल तक सभी खातों को आधार कार्ड से लिंक किया जाना था। एक मई से खातों में लेन देन बंद करने की कार्रवाई होनी थी, लेकिन शासन से कोई दिशा निर्देश न मिलने पर फिलहाल बैंक अफसर ग्राहकों से जल्द से जल्द आधार कार्ड लिंक करने का आग्रह कर रहे हैं।
जिले में 7 लाख बैंक खाते हैं, लेकिन अब तक केवल 2.80 लाख खाते ही आधार कार्ड से लिंक हो सके हैं।
भारतीय स्टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, केनरा बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ बड़ौदा, सिंडिकेट बैंक, सेंट्रल बैंक, कारपोरेशन बैंक सहित सार्वजनिक क्षेत्र की सभी बैंक शाखाएं अपने ग्राहकों से आधार नंबर लिंक करवाने की अपील कर रहे हैं।
29 अप्रैल तक बैंक खातों को आधार कार्ड से लिंक किया जाना था, लेकिन अब भी ग्राहकों ने कार्ड से खाते लिंक नहीं कराए हैं। शासनादेश मिलते ही खाते बंद करवा दिए जाएंगे। एपी चतुर्वेदी, एलडीएम