अंतर्राष्ट्रीय मैराथन में दौड़ेगा वुसू चैंपियन विनोद
हापुड़। गांव सपनावत निवासी विनोद का चयन अंतर्राष्ट्रीय मैराथन के लिए हुआ है। दो दिसंबर को पुणे में वह अपने देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। रजिस्ट्रेशन कॉल आने के बाद परिजनों समेत ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई है। इसके बाद कतर में होने वाली वर्ल्ड मैराथन चैंपियनशिप में भी वह प्रतिभाग करेगा।
सपनावत निवासी महमवीर के पुत्र विनोद राणा ने एथलेटिक्स में देश का नाम अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर दिया है। वर्ष 2015 में उन्होंने वुसू चैंपियनशिप अपने नाम की थी, इसके बाद 2018 में वल्र्ड प्रोफेशनल मिक्स मार्शलार्ट में भी स्वर्ण पदक जीत देश का नाम रोशन किया था।
इतना ही नहीं देशभर के विभिन्न राज्यों में खेली गई वल्र्ड प्रो रेस्लिंग में भी उन्होंने दमखम दिखाया। दा ग्रेट खली के सांध्यि में उन्होंने रेस्लिंग की तैयारी की थी। अब विनोद राणा का चयन 2 दिसंबर को पुणे के बाबूराव संस स्पोर्टस ग्राउंड पर आयोजित होने वाली इंटरनेशनल मैराथन में हो गया है।
एथलेटिक्स के रूप में मैराथन में दौड़ने के लिए उनका कॉल लैटर भी आ चुका है। इसके बाद से ग्रामीणों समेत जिलेवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई है। विनोद राणा ने बताया कि उक्त मैराथन के बाद 27 सितंबर 2019 को कतर में आयोजित होने वाली वर्ल्ड मैराथन प्रतियोगिता में भी वह बेहतर प्रदर्शन करेंगे।