सर्विस रोड पर गड्ढों में धंसे कई वाहन
हापुड़। कुचेसर रोड चौपले पर सर्विस रोड पर जलभराव लोगों के लिए सिरदर्द बन चुका है। रविवार को सर्विस रोड से गुजरने वाले वाहन गड्ढों में धंस गए। करीब दस वाहनों को लोगों ने ट्रैक्टर आदि की मदद से बाहर निकलवाया। इस स्थिति से लोगों में रोष व्याप्त है।
कुचेसर रोड चौपला स्थित सर्विस रोड पर जलभराव और गड्ढों की शिकायत लोग पिछले काफी समय से कर रहे हैं। रविवार को रक्षा बंधन के मौके पर वाहनों का दबाव अधिक था। ऐसे में आसपास के गांव जाने वाले लोग सर्विस रोड से होते हुए गुजरने लगे, लेकिन सर्विस रोड पर गड्ढे और जलभराव के कारण कई कार और थ्री व्हीलर यहां फंस गए। करीब दस वाहनों के सर्विस रोड पर फंसने से रास्ता बंद हो गया। इसके बाद वाहनों में सवार लोगों को पानी से होकर बाहर आना पड़ा और ट्रैक्टर आदि की मदद से वाहनों को बाहर निकाला गया, जिससे लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।
एनएचएआई के परियोजना निदेशक विनय कुमार ने बताया कि बरसात के बाद करीब एक किलोमीटर के क्षतिग्रस्त हिस्से को दोबारा बनवाया जाएगा।