वीसीबी मशीन में फाल्ट से आधा दर्जन गांवों की बत्ती गुल
हापुड़। उपैड़ा बिजलीघर की वीसीबी मशीन में फाल्ट से बृहस्पतिवार को आधा दर्जन गांवों की बत्ती गुल हो गई। भीषण गर्मी में ग्रामीणों को पानी किल्लत के साथ जरूरी कार्य निपटाने में खासी परेशानी हुई। शाम पांच बजे तक भी फाल्ट को ठीक नहीं किया जा सका था।
उपैड़ा बिजलीघर से कुचेसर चौपला, फतेहपुर, शाहपुर जट्ट, रसूलपुर, अटूटा, कनिया कल्याणपुर आदि गांवों को बिजली आपूर्ति दी जाती है। बृहस्पतिवार सुबह करीब 7 बजे बिजलीघर पर लगी वीसीबी में फाल्ट हो गया। इसके चलते संबंधित गांवों की बत्ती गुल हो गई। भीषण गर्मी में शाम तक आपूर्ति बाधित रहने से ग्रामीणों को पानी की किल्लत के चलते जरूरी कार्य निपटाने में खासी परेशानी हुई। आश्चर्य की बात यह रही कि वीसीबी के फाल्ट को निगम कर्मचारी 10 घंटे में भी ठीक नहीं कर सके। इससे चलते ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। इस संबंध में उपखंड अधिकारी रामशरण ने बताया कि फाल्ट को दुरुस्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही फाल्ट को ठीक कर लोगों को राहत दिला दी जाएगी।