यूपी बोर्ड हाईस्कूल के छात्र पढ़ेंगे स्वस्थ रहने का पाठ
यूपी बोर्ड के हाईस्कूल के विद्यार्थी चालू सत्र में गृह विज्ञान विषय में नए अध्याय के रूप में स्वास्थ्य रक्षा का पाठ पढ़ेंगे। इसमें दैनिक जीवन से जुड़ी अनेक बीमारी व उनके बचाव का अध्ययन कराया जाएगा।
माध्यमिक शिक्षा परिषद ने इस बार स्वास्थ्य रक्षा नामक अध्याय को सिलेबस में शामिल किया है। इससे छात्रों को प्राथमिक चिकित्सा की व्यवहारिक जानकारी प्राप्त होगी। विभिन्न बीमारियों के लक्षण, बचाव के उपाय और इलाज की प्रक्रिया के बारे में पढ़ाया जाएगा।
इस अध्याय से बोर्ड परीक्षा में कुल 15 अंक के प्रश्न पूछे जाएंगे। स्वास्थ्य रक्षा के अध्याय में अशुद्ध जल से फैलने वाले रोग पेचिश, अतिसार, हैजा के बारे में पढ़ाया जाएगा।
पर्यावरण और जनजीवन पर उसका प्रभाव, अपशिष्ट प्रबंधन, सामान्य रोगों के कारण और उनके रोकथाम चेचक, छोटी माता, खसरा, डिप्थीरिया, टायफायड, पीलिया, मस्तिष्क ज्वर, रैबीज, हेपेटाइटिस, मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया, क्षय रोग, विषैला भोजन आदि के बारे में पढ़ाया जाएगा।
डीआईओएस बीके शर्मा का कहना है कि यूपी बोर्ड के हाईस्कूल के गृहविज्ञान विषय में इस बार उपयोगी अध्याय शामिल किए गए हैं। इसका लाभ छात्रों को दैनिक जीवन में मिलेगा।