हापुड़। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरठ मंडल के सभी अधिकारियों से साफ शब्दों में कहा कि सितंबर तक जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रस्तावित लोक निर्माण विभाग के कार्यों का शिलान्यास कराया जाए। जनप्रतिनिधियों की प्राथमिकता वाले जो काम छूट गए हैं, उन्हें भी जोड़ा जाए। इससे जिले में करीब 30 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की शुरूआत आगामी माह में होगी।
मेरठ मंडल की बैठक देर शाम शुरू हुई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिले के तीनों विधायक धर्मेश तोमर, विधायक विजयपाल आढ़ती व विधायक हरेंद्र सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों को मेरठ बुलाया था। इस बैठक में लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव, पर्यटन विभाग के अधिकारी सहित अन्य भी मौजूद थे। वहीं, जिले के डीएम अभिषेक पांडेय, एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह, सीडीओ हिमांशु गौतम सहित अन्य सभी ऑनलाइन जुड़े।
वहीं, अगले वर्ष त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव होने से इससे पहले जिले के करीब 40 गांवों के मार्गों को लिंक मार्गों से जोड़ने के प्रस्ताव पर चर्चा हुई। इ
बता दें कि जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में 10-10 करोड़ से विकास कार्य कराए जाएंगे। बैठक में मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग द्वारा प्रस्तावित विकास कार्यों को लेकर जनप्रतिनिधियों से पूछा कि क्या उन्हीं के द्वारा यह काम प्रस्तावित किए गए हैं, इस पर सभी ने हामी भरी। वहीं, कुछ विकास कार्यों को और शामिल कराने की मांग की। इस पर मुख्यमंत्री ने प्रमुख सचिव को आदेश दिए। उन्होंने कहा कि सितंबर से ज्यादा विकास कार्यों के शिलान्यास में विलंब नहीं होना चाहिए। बैठक में पर्यटन, उद्योग, गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे बसने वाले औद्योगिक क्षेत्र, चीनी मिल सहित अन्य मामलों को चर्चा की।