गांव गोहरा आलमगीरपुर में 30 बेड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का शुक्रवार को मनोरंजन कर राज्यमंत्री मदन चौहान ने शिलान्यास किया। एक एकड़ जमीन पर 5.50 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले सरकारी अस्पताल पर दर्जनों गांवों के हजारों लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।
इलाज के लिए उन्हें मीलों चक्कर नहीं लगाने होंगे। चिकित्सा सुविधा को बढ़ाने के लिए एक सीएचसी का निर्माण किया जाना था। इसके लिए लंबे समय से जमीन नहीं मिल रही थी। गांव गोहरा आलमगीरपुर के प्रधान संचित त्यागी ने स्वास्थ्य विभाग को ग्राम पंचायत की एक एकड़ जमीन मुहैया करायी।
शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का शिलान्यास मदन चौहान ने शिलापट का फीता काटकर किया। उन्होंने कहा कि अस्पताल से हजारों लोगों को इलाज के लिए पास ही सुविधा मिल जाएगी। सरकार चिकित्सा के क्षेत्र में विस्तार को लेकर काफी गंभीर है।
सीडीओ कुणाल सिल्कू ने ग्रामीणों को सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी दी। सीएमओ डा.एके सिंह ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण कार्य जल्द पूरा कर लिया जायेगा। अस्पताल में 30 बेड की व्यवस्था होगी।
शिलान्यास कार्यक्रम में ग्राम प्रधान संचित त्यागी, ओमवीर सिंह नागर, बरन सिंह, ब्रह्म सिंह, महकार सिंह, ज्ञानेंद्र सिंह, निरव नागर, बब्बू त्यागी, मास्टर जगदीश सिंह, महावीर त्यागी, प्रताप चेयरमैन, परवेज कुमार, नरेंद्र आदि मौजूद रहे।