दिल्ली से लखनऊ तक हाइवे किनारे बिछेगा सीएनजी का जाल
गढ़मुक्तेश्वर। दिल्ली से लखनऊ तक हाइवे किनारे जल्द ही सीएनजी पंप का जाल बिछने जा रहा है। इससे प्रदूषण कम होने से पर्यावरण की सेहत सुधरने के साथ ही वाहन चालकों को राहत और बचत भी होगी।
पेट्रोलियम मंत्रालय ने देश से प्रदेश की राजधानी को जोड़ने वाले दोनों नेशनल हाइवे पर बहुत जल्द सीएनजी पंपों का जाल बिछाने की योजना तैयार कर रही है। इस पर अमल होने के बाद सीएनजी वाहन चालकों को राहत मिलने के साथ ही प्रदूषण में गिरावट आने से पर्यावरण की सेहत में बड़े स्तर पर सुधार होगा। ग्रीन गैस लिमिटेड ने कार्य योजना तैयार कर दूसरी संबंधित कंपनियों से मिलकर हाइवे किनारे सीएनजी का जाल जल्द बिछाने से जुड़ीं जरूरी औपचारिकता पूरी करने का काम शुरू कर दिया है। ग्रीन गैस लिमिटेड के प्रबंध निदेशक जिलेदार सिंह ने बताया कि मंत्रालय से हरी झंडी मिलने के बाद जल्द ही शासन में प्रस्ताव भेजकर योजना को धरातल पर उतारने की कवायद चालू की जाएगी।
सीएनजी सप्लाई को पंपों का जाल बिछेगा
ग्रीन गैस लिमिटेड के प्रबंध निदेशक जिलेदार सिंह ने बताया कि दिल्ली से लखनऊ जाने वाले मुरादाबाद और कानपुर रूट पर हाइवे किनारे सीएनजी पंपों का जाल बिछाया जाएगा। इसे लेकर टेंडर भी जारी किए जा चुके हैं।