कोहरे ने बिगाड़ी ट्रेनों की चाल, शहीद एक्सप्रेस रद्द
हापुड़। कोहरे के कारण ट्रेनों की चाल में सुधार नहीं हो रहा है। रविवार को अमृतसर से जयनगर जाने वाली शहीद एक्सप्रेस ट्रेन रद्द रही, जबकि आधा दर्जन से अधिक ट्रेनें अपने निर्धारित समय से घंटों की देरी पर पहुंची। ऐसे में ठंड में यात्रियों को स्टेशन पर घंटों इंतजार कर परेशान होना पड़ा।
सर्दी और कोहरा ट्रेनों की चाल में बाधक बन रहे हैं। मैमू ट्रेन पहली फरवरी तक रद्द कर दी गई है, ऐसे में रविवार को शहीद एक्सप्रेस ट्रेन को भी रद्द कर दिया गया। ऐसे में यात्रियों को घंटों स्टेशन पर इंतजार कर मायूस होना पड़ा।
इसके अलावा फैजाबाद एक्सप्रेस डेढ़ घंटा, काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस दो घंटे, पद्मावत एक्सप्रेस डेढ़ घंटा, संगम एक्सप्रेस सवा घंटा, नौचंदी एक्सप्रेस डेढ़ घंटा, सत्याग्रह एक्सप्रेस एक घंटा, अवध असम एक्सप्रेस और मसूरी एक्सप्रेस 15 मिनट की देरी से स्टेशन पर पहुंची। ऐसे में यात्रियों को ठंड में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्टेशन अधीक्षक मुनिराम मीणा ने बताया कि कोहरे के कारण ट्रेनों की रफ्तार मंदी पड़ रही है। शहीद एक्सप्रेस रविवार को रद्द रही।