एनपीआरसी खातों से गबन के मामले
में दो शिक्षकों पर गिर सकती है गाज
- जांच अधिकारी ने सर्व शिक्षा अभियान के जिला समन्वयक को सौंपी रिपोर्ट
- धन गबन के आरोप लगभग तय, जल्द होगी कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
हापुड़। परिषदीय विद्यालयों में न्याय पंचायत समन्वयक के पद पर गलत तरीके से काबिज होकर एनपीआरसी खातों से धन का गबन करने के मामले में दो शिक्षकों पर गाज गिर सकती है। इस मामले की जांच लगभग पूरी हो चुकी है और रिपोर्ट सर्व शिक्षा अभियान के जिला समन्वयक को मिल चुकी है।
उल्लेखनीय है कि बेसिक शिक्षा विभाग के कुछ शिक्षकों ने उच्चाधिकारियों से सांठगांठ कर एनपीआरसी पद प्राप्त कर लिया था। जबकि वह इस पद के पात्र ही नहीं हैं। इतना ही नहीं इन शिक्षकों ने एनपीआरसी के संयुक्त खातों को एकल रूप से चलाकर इनसे लाखों रुपये का गबन भी कर लिया था।
इस फर्जीवाड़े से बचने के लिए निगम अफसरों ने पदेन एनपीआरसी तैनात कर दिए थे। मगर, कुछ शिक्षक इस प्रक्रिया के लागू होने के बाद भी खातों को हस्तांतरित नहीं कर रहे हैं। जांच में पाया गया है कि दो शिक्षकों ने संयुक्त खातों को एकल रूप से चलाकर लाखों रुपये का गबन कर लिया है।
सर्व शिक्षा अभियान के जिला समन्वयक भूपेंद्र सिंह का कहना है कि इस मामले की जांच लगभग पूरी हो चुकी है। दो शिक्षक संदिग्धता के घेरे में हैं, जल्द ही इनके नाम सार्वजनिक कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।