स्वच्छता सर्वेक्षण के लिए टीम आज हापुड़ में
अमर उजाला ब्यूरो
हापुड़। स्वच्छता सर्वेक्षण के लिए केंद्र सरकार की टीम आज हापुड़ पहुंचेगी। जिसे लेकर नगर पालिका ने अपनी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। पूरे दिन इसे लेकर शहर में सफाई का कार्य चलता रहा। टीम शहर में बुधवार तक रहेगी।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत देश के पांच सौ शहरों में स्वच्छता का सर्वेक्षण कराया जाना है। पिछले वर्ष हापुड़ शहर को 418 वां स्थान मिला था। इस वर्ष रैकिंग में सुधार लाने के लिए नगर पालिका लगातार प्रयासरत है। शहरी की सड़कों की सफाई से लेकर नाले की सफाई, 40 हजार कूड़ेदानों का वितरण, डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन जैसे प्रयास किए जा रहे हैं। सर्वे के लिए मंगलवार को केंद्र सरकार की टीम यहां पहुंच रही है। सुबह से सर्वे शुरू होगा और बुधवार तक चलेगा। इस दौरान शहरवासियों को भी इसमें शामिल किया जाएगा। ईओ जितेंद्र कुमार आनंद ने बताया कि टीम मंगलवार को शहर में घूमकर सर्वे नहीं करेगी। बुधवार को नगर का सर्वे किया जाएगा।