राहत के बाद फिर चढने लगा पारा
हापुड़। आंधी, बारिश के बाद रविवार को फिर से चटक धूप खिली और तापमान को चढ़ा दिया। ऐसे में लोगों को भीषण गर्मी और उमस से काफी परेशान होना पड़ा। जिले का अधिकतम तापमान 38 डिग्री दर्ज किया गया।
बीते तीन दिन से आंधी और बरसात हो रही थी। आसमान में बादल छाए रहने से जिले का तापमान भी 32 डिग्री तक पहुंच गया था। ऐसे में लोगों को भीषण गर्मी से काफी राहत मिल रही थी, लेकिन रविवार को सुबह से ही सूर्यदेव का तेज प्रकाश चारों ओर फैल गया। चटक धूप के कारण लोगों का घरों से निकलना दूभर हो गया। ऐसे में युवाओं ने आसमान में छाए बादलों को देखकर मौज मस्ती के लिए जो प्लान बनाया था वह भी तेज धूप के कारण रद्द हो गया। इस दौरान रविवार को जिले का अधिकतम तापमान 38 डिग्री तक पहुंचने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो आने वाले पांच दिन मौसम साफ रहेगा और बढ़ते तापमान का लोगों को सामना करना पड़ सकता है।