बारिश के बाद सर्द हवाओं ने किया परेशान
हापुड़। बारिश के बाद दो दिनों से तेज धूप खिली हुई है, लेकिन इस दौरान चल रही तेज हवाओं के चलते लोगों की कंपकंपी छूट रही है। हालांकि दिन में धूप निकलने से कुछ राहत जरूर मिली है।
दो दिन पहले ओलावृष्टि के साथ पड़ी झमाझम बारिश ने सर्दी बढ़ा दी थी। पिछले दो दिन से क्षेत्र में तेज धूप तो निकल रही है, लेकिन इसके साथ तेज हवाएं लोगों का पीछा नहीं छोड़ रही। शनिवार को सुबह से ही तेज हवाएं चलनी शुरू हो गई, जिसके कारण सुबह और शाम लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा। लोग घरों में कैद होकर रह गए। इस स्थिति से न्यूनतम तापमान स्थिर बना हुआ है। शुक्रवार को शहर का न्यूनतम तापमान सात और अधिकतम 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि दिन के समय अच्छी धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत जरूर मिली। दिन में लोग धूप सेंकते हुए नजर आए। मौसम जानकारों के अनुसार अगले दो तीन दिन इसी प्रकार तेज हवाओं का प्रकोप जारी रहेगा। ऐसे में न्यूनतम तापमान में वृद्धि होने की संभावना कम ही है।