ट्रांसफार्मर में फाल्ट से तेरह घंटे
तक गुल रही तगासराय की बत्ती
हापुड़। नगर के मोहल्ले तगासराय में लगा 100 केवी क्षमता का ट्रांसफार्मर फुंकने से मंगलवार रातभर लोगों को गर्मी, मच्छरों के प्रकोप से परेशान होना पड़ा। करीब 13 घंटे बाद ट्रांसफार्मर को बदला जा सका। अफसरों की लचर कार्यप्रणाली से लोगों में रोष व्याप्त है।
तगासराय को बिजली आपूर्ति दिल्ली रोड बिजलीघर से दी जाती है। मंगलवार को शाम करीब सात बजे 100 केवी क्षमता का ट्रांसफार्मर ओवर लोडिंग के कारण फुंक गया। इससे समूचे मोहल्ले की बत्ती गुल हो गई। गर्मी, मच्छरों के प्रकोप से परेशान लोगों ने बिजलीघरों पर फोन लगाने शुरू कर दिए। मगर, फाल्ट की सूचना पाकर उन्हें मायूस होना पड़ा। निगम कर्मियों ने करीब 13 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ट्रांसफार्मर की बदली कर मोहल्ले की आपूर्ति बहाल की। अधिशासी अभियंता सुनील कुमार का कहना है कि ओवर लोडिंग के कारण यह समस्या बनी थी। ट्रांसफार्मर को बदल कर लोगों को राहत दिला दी गई है।