चार ग्राम पंचायतें बनेंगी आदर्श : सीडीओ
हापुड़। जिले की चार ग्राम पंचायतों को आदर्श गांव के रूप में विकसित किया जाएगा। इन गांवों में स्वरोजगार के अवसर मुहैया कराने के साथ जैविक खेती को बढ़ावा दिया जाएगा। इस संबंध में अपने कार्यालय में आयोजित बैठक में सीडीओ दीपा रंजन ने संबंधित ग्राम प्रधानों की बैठक ली।
सीडीओ ने बताया कि जिले की चार ग्राम पंचायतों उपैड़ा, नंगला काशी, भोवापुर मस्तानगर और कल्याणपुर को आदर्श ग्राम पंचायत के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया गया है। आदर्श ग्राम पंचायतों में जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए ग्राम प्रधानों को प्रोत्साहित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जैविक खेती से किसानों को फसल की उपज का बहुत अच्छा मूल्य मिलेगा। जैविक खाद्य पदार्थों के प्रयोग से लोगों का स्वास्थ्य भी अच्छा रहेगा। जैविक खेती से भूमि की उर्वरा शक्ति भी बढ़ेगी और लंबे समय तक खेती में मदद मिलेगी। ग्राम प्रधानों को ग्राम पंचायत में स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित करते हुए कहा कि केन्द्र और प्रदेश सरकार की ओर से बहुत सी योजनाएं स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए चलायी जा रही है। बताया कि ग्राम प्रधान अपनी ग्राम पंचायतों में इसका लाभ उठाकर लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बना सकते हैं। इन ग्राम पंचायतों में व्यक्तिगत नैतिक मूल्य, साफ-सफाई, सांस्कृतिक विरासत, व्यवहार में परिवर्तन, स्वास्थ्य सुविधाएं, पोषण, सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा, आजीविकाएं, कौशल, वित्तीय समावेषण, बुनियादी सुविधाएं और सेवाएं बेहतर करने के लिए प्रोत्साहित किया। इन गांवों में पंचायत घरों को आधुनिक बनाया जाएगा, जिससे पंचायत स्तर की समस्त समस्याओं को वहीं पर निस्तारित किया जा सके। बैठक में डीपीआरओ रेनू श्रीवास्तव व बीएसए देवेंद्र गुप्ता मौजूद रहे।