ग्रामीणों का खाद्यान्न वितरण में धांधली का आरोप
-गांव रतुपुरा के लोगों का आरोप जांच अधिकारी रिश्वत लेकर नहीं कर रहे कोई कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
हापुड़। गांव रतुपुरा के लोगों ने राशन डीलर पर खाद्यान्न वितरण में धांधली करने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद डीलर पर कार्रवाई नहीं हो रही है। मामले की शिकायत डीएम से की गई है।
गढ़मुक्तेश्वर के गांव रतुपुरा निवासी लोगों का कहना है कि गांव का राशन डीलर दबंगई से राशन वितरित करता है। राशन डीलर केवल अपने लोगों को ही राशन वितरित करता है जबकि दूसरे लोगों को धमकाकर भगा देता है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस मामले की शिकायत कई बार अधिकारियों से की जा चुकी है। राशन की दुकान की जांच भी की जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि जो भी अधिकारी जांच के लिए जाता है वह राशन डीलर के घर बैठकर जांच पूरी कर वापस लौट आता है।
ग्रामीणों ने अधिकारियों पर रिश्वत लेने का आरोप लगाते हुए डीएम से शिकायत की है। मामले की जांच किसी ईमानदार अधिकारी से कराने की मांग की गई है। शिकायत करने वालों में सुरेश, संदरी, इकराम, उमर, नौशाद आदि शामिल थे।
फोटो-07 एचपीआर पीएच-12
खराब गेहूं बांटने पर भड़के उपभोक्ता
-मोहल्ला शिवपुरी में उपभोक्ताओं ने हंगामा करते हुए अधिकारियों से की राशन डीलर की शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
हापुड़। मोहल्ला शिवपुरी में एक राशन की दुकान पर खराब गेहूं के वितरण पर उपभोक्ता भड़क उठे। लोगों का कहना था कि गेहूं में कीड़े हैं। इस पर उन्होंने हंगामा करते हुए डीएम से इसकी शिकायत की है।
जानकारी के अनुसार नगर के मोहल्ला शिवपुरी में राशन की दुकान पर उपभोक्ता गेहूं लेने गए थे। इस दौरान राशन डीलर ने उपभोक्ताओं को ऐसे गेहूं देेने शुरू कर दिए जिसे देखकर उपभोक्ता भड़क उठे। निम्न स्तर के गेहूं में कीड़े चल रहे थे जिससे छेद हो गए थे।
कीड़ों को देखकर उपभोक्ताओं ने विरोध करते हुए कहा कि इस गेहूं को इंसान तो पशु भी नहीं खा सकते। लोगों ने हंगामा करते हुए गेहूं लेने से इंकार कर दिया। उसके बाद राशन डीलर दुकान बंद कर चला गया। उपभोक्ता सतीश कुमार ने मामले की शिकायत डीएम से करते हुए कार्रवाई की मांग की है। डीएम ने मामले में जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।