अवैध वसूली के विरोध में लोगों ने किया हंगामा, कार्रवाई की मांग
- रसोई गैस वितरण में हो रही अवैध वूसली को लेकर लोगों ने जांच की मांग की
अमर उजाला ब्यूरो
गढ़मुक्तेश्वर। रसोई गैस वितरण में अवैध वसूली होने से गुस्साए सामाजिक संगठन के कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया। इस दौरान लोगों ने जांच और कार्रवाई न होने पर गैस वितरण रोकने की चेतावनी दी।
ब्रजघाट गंगानगरी की एक धर्मशाला में अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन के कार्यकर्ताओं की बैठक के दौरान कुछ लोगों ने रसोई गैस वितरण में खुलेआम अवैध वसूली किए जाने की शिकायत की। जिस पर संगठन जिलाध्यक्ष संतोष पटेल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बाहर निकलकर हंगामा कर दिया। लोगों ने आरोप लगाया कि गैस सिलेंडर की कीमत 751 रुपये है, लेकिन वितरण करने वाले 770 रुपये की रकम वसूल रहे हैं। लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर अवैध वसूली की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई, तो इसके विरोध में गैस का वितरण नहीं होने दिया जाएगा। इस मौके पर पियूष गोयल, दीपक गौड़, त्रिनेत्र गोयल, राधेश्याम, राजन कौशिक, राजू गोयल, सुशील कुमार, दिनेश, विनीत वर्मा आदि मौजूद रहे। इस बारे में आपूर्ति निरीक्षक अनीता बाली ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में कोई भी धांधली सामने आने पर कार्रवाई की जाएगी।