दिन निकलते ही फिर जाम से जूझा शहर
- वाहनों का दबाव बढ़ने से लगा भीषण जाम
अमर उजाला ब्यूरो
हापुड़। अतिक्रमण के चलते शहर में जाम की समस्या आम बात हो गई है। बुधवार को भी नगर के प्रमुख चौराहों पर दिन निकलते ही भीषण जाम लग गया। आलम यह रहा कि सुबह नौ बजे से जाम में फंसे चालक तीन बजे तक परेशान रहे। इस दौरान पुलिस की लाख मुस्तैदी के बाद भी लोगों को जाम से निजात नहीं मिल पाई।
दरअसल अतिक्रमण शहर के लिए आए दिन परेशानी का सबब बन रहा है। इसके चलते बुधवार को भी दिन निकलते ही सड़कों पर भीषण जाम लग गया। वाहनों की रफ्तार थमने से तहसील चौपला, मेरठ तिराहा, दिल्ली रोड, गढ़ रोड पर वाहन रेंगते दिखाई दिए। तहसील चौपला से लेकर अतपपुरा चौपला तक, दिल्ली रोड पर छोइया पुल तक, मेरठ रोड पर फ्लाईओवर तक व बुलंदशहर रोड पर कोठी गेट तिराहे तक वाहनों की कतारें लग गईं। इस दौरान जाम में फंसे चालकों के बीच रोडरेज की घटनाएं भी देखने को मिली।
सबसे मजे की बात यह है कि यातायात पुलिसकर्मी जाम खुलवाने के लिए मशक्कत करते रहे लेकिन लोगों को परेशानी से निजात नहीं मिली। सुबह नौ बजे से लेकर दोपहर तीन बजे तक जाम से हालात खराब रहे।
यातायात प्रभारी योगेंद्र मलिक का कहना है कि वाहनों का दबाव बढ़ने के कारण जाम की स्थिति पैदा हो गई। हालांकि पुलिस कर्मी जाम खुलवाने के लिए प्रयासरत रहे।
---
चौराहों पर अतिक्रमण से हो रही समस्या
हापुड़। नगर के प्रमुख चौराहों पर जाम की समस्या से हालात विकट हो चुके हैं। लेकिन चौराहों पर फैले अतिक्रमण से पुलिस प्रशासन के अधिकारी अंजान बने हैं। हालांकि फुटपाथ से अस्थाई अतिक्रमण हटने से पैदल चलने वाले लोगों को राहत मिलना तय है।