भाजपाइयों ने केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाईं
गढ़मुक्तेश्वर। भाजपाइयों ने केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाकर एससी/एसटी एक्ट को मजबूती देकर दलितों का उत्पीड़न रोकने को बेहद सराहनीय कदम उठाने का दावा किया। बैठक में लोकसभा चुनाव को लेकर भी चर्चा की गई।
भाजपा के एससी/एसटी प्रकोष्ठ की बैठक मंगलवार को गढ़-चौपला रोड किनारे पूर्व नगराध्यक्ष शिवकुमार के यहां हुई। क्षेत्रीय मंत्री रवि प्रकाश गौतम और क्षेत्रीय कोषाध्यक्ष प्रवीण प्रधान ने कहा कि केंद्र की मोदी और प्रदेश की योगी सरकार ने एससी/एसटी वर्ग के उत्थान के लिए कई कल्याणकारी योजना लागू की हैं, जिससे उपेक्षित और शोषित वर्ग को बड़े स्तर पर राहत मिल रही है। मंडल अध्यक्ष ने कहा कि मोदी सरकार ने संसद में अध्यादेश लाकर एससी/एसटी एक्ट को पहले से भी सशक्त बनाने का सराहनीय काम किया है, जिससे दलित वर्ग के साथ होने वाली उत्पीड़न की घटनाओं में तेजी के साथ गिरावट आ रही है। जिलाध्यक्ष अश्वनी बाल्मीकि ने कार्यकर्ताओं को केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को घर घर पहुंचाने के साथ ही लोकसभा चुनाव की तैयारी में अभी से जुटने का निर्देश दिया। इस मौके पर योगेश वर्मा, मित्तल सिंह, कलवा, प्रवेश, सुरेश गौतम, उमेश, वीरसिंह, अतरसिंह कटारिया, अशोक समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।