हाइवे किनारे लग रहे साप्ताहिक बाजार से लोग परेशान
गढ़मुक्तेश्वर। सिंभावली में प्रत्येक मंगलवार को साप्ताहिक बाजार लगता है। जिसके लिए रेलवे रोड और हरोड़ा रोड का स्थान निर्धारित किया हुआ है, लेकिन आने वाले सैकड़ों दुकानदार नेशनल हाइवे किनारे सर्विस रोड पर दोनों ओर अपनी अस्थाई दुकानें जमा लेते हैं, जिसके चलते यातायात अवरूद्ध हो जाता है और दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है।
बाजार में क्षेत्र के दर्जनों गांवों से बड़ी संख्या में लोग खरीदारी करने आते है। इसके चलते बाजार में भीड़ बढ़ जाती है। वहीं सर्विस रोड पर सिंभावली शुगर मिल को गन्ना लेकर आने वाली बुग्गी और ट्रैक्टर ट्रॉली के आने पर पूरी व्यवस्था ही चरमरा जाती है। जिस समय यह गन्ने से भरे वाहन सर्विस रोड पर आते है, तो पैदल चलने वालों को भी जगह नही मिल पाती। कई बार महिलाएं और बच्चे इनकी चपेट में आकर घायल भी हो चुके हैं। सर्विस रोड पर लगने वाले साप्ताहिक बाजार से राहगीरों समेत स्थानीय लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। सामाजिक संस्था के अध्यक्ष लक्ष्मी नारायण शर्मा, संजीव यादव समेत दर्जनों लोगों का कहना है कि इस संबंध में प्रशासनिक अधिकारियों को कई बार शिकायती पत्र भेजे गए हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है। इस संबंध में इंस्पेक्टर दीक्षित त्यागी का कहना है कि दोनों ग्राम प्रधानों, बाजार के ठेकेदार और सामाजिक लोगों के साथ बैठक कर इस समस्या का जल्द ही समाधान किया जाएगा।