कृषि विभाग में पहुंचा धान, नहीं मिलेगा अनुदान
हापुड़। कृषि विभाग के धान के बीज पर इस बार किसानों को अनुदान नहीं मिलेगा। 50 रुपये/किलोग्राम की दर से उन्हें सुगंध 4 व 5 प्रजाति का बीज मिलेगा। वहीं, उड़द, मूंग की खरीद पर किसानों को 50 फीसदी अनुदान व अरहर की खरीद पर 25 रुपये/किलोग्राम की दर से अनुदान मिलेगा।
गेहूं की कटाई होते ही किसान धान की बुवाई के लिए खेतों को तैयार करने में जुट गए हैं। ऐसे में जिले के राजकीय बीज भंडारों पर भी प्रचुर मात्रा में धान की सुगंध 4, 5 प्रजाति का बीज उपलब्ध करा दिया गया है।
प्रत्येक वर्ष किसानों को कृषि विभाग से मिलने वाले धान के बीज पर अनुदान मिलता था, लेकिन इस बार दोनों ही प्रजातियों पर किसानों को कोई अनुदान नहीं मिलेगा। किसानों को धान लेने के लिए 50 रुपये/किलोग्राम की दर से भुगतान करना होगा।
वहीं, दलहनी फसलों का रकबा बढ़ाने के लिए सरकार ने दालों के बीज पर बंपर अनुदान दिया है। राजकीय बीज भंडारों पर उड़द की पीयू-31 व मूंग की पंत-5 प्रजाति का बीज उपलब्ध है। इन पर किसानों को 50 फीसदी अनुदान मिलेगा। वहीं, अरहर की उपास-120 प्रजाति के बीज पर किसानों को 25 रुपये/किलोग्राम की दर से अनुदान मिलेगा, अरहर के बीज का मूल्य 70 रुपये/किलोग्राम रखा गया है।
राजकीय बीज भंडार के प्रभारी चंद्रपाल शर्मा ने बताया कि गोदाम में प्रचुर मात्रा में धान और दलहन का बीज उपलब्ध है। किसानों रजिस्ट्रेशन करा योजनाओं का लाभ उठा सकते हैं।