साप्ताहिक पैठ में चोरी कर रही तीन महिलाएं दबोची
हापुड़। रामलीला में साप्ताहिक बाजार में एक दुकान से कपड़े चोरी करने वाली तीन महिलाओं को दुकानदारों ने दबोच लिया। इनके बैग से चोरी किए हुए कपड़े बरामद हुए। तीनों महिलाओं को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
नगर के मोहल्ला शिवचरणपुरा निवासी बंटी पुत्र ब्रजपाल रामलीला मैदान में कपड़ों का ठेला लगाता है। रविवार दोपहर के समय वह ठेले पर अकेला मौजूद था। इस दौरान तीन महिलाओं ने खरीदारी करने के बहाने ठेले से कपड़े चुराकर बैग में रख लिए। शक होने पर पीड़ित ने महिलाओं से बैग की तलाशी लेने की बात कही, तो उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। शोर सुनकर आसपास के दुकानदार भी एकत्र हो गए और महिलाओं की तलाशी के दौरान बैग से कपड़े बरामद हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस तीनों को हिरासत में ले लिया। दुकानदार बंटी की तहरीर पर तीनों महिलाओं के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी महिलाओं की पहचान बिलकिश, ननहन व आसमा निवासी खुर्जा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार महिलाएं आसपास के क्षेत्रों में साप्ताहिक पैंठ के दौरान कपड़ों की चोरी करती हैं।