कुचेसर रोड चौपला के चार पब्लिक स्कूलों के खिलाफ जांच के आदेश
हापुड़। कुचेसर रोड चौपला के चार पब्लिक स्कूलों की मान्यता को लेकर की गई शिकायत पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने जांच के आदेश दिए हैं।
सेना के आईबी से सेवानिवृत्त जवान महेश चंद शर्मा ने अपर जिलाधिकारी जयनाथ यादव को एक शिकायती पत्र देते हुए अवगत कराया था कि कुचेसर रोड चौपला के चार पब्लिक स्कूल फर्जी मान्यता के बल पर स्कूलों में छात्रों का प्रवेश करा रहे हैं।
आरोप है कि इनमें से दो स्कूल प्रशासन ने बंद भी करा दिए थे। मगर, फिर से इनमें प्रवेश शुरू हो गए हैं। इतना ही नहीं प्रवेश प्रारंभ के पर्चे वितरित किए जा रहे हैं। जबकि उक्त स्कूल मान्यता का कोई भी नियम पूरा नहीं करते। ऐसे में यहां प्रवेश लेने वाले बच्चों का भविष्य अंधकारमय हो सकता है। शिकायतकर्ता ने यह भी मांग की है की कि जांच खुली की जाए, ताकि लोगों को सही जानकारी मिल सके। इससे बड़ी संख्या में छात्रों का भविष्य चौपट होने से बच जाएगा।
बताया गया है कि अपर जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी देवेंद्र गुप्ता ने मामले की जांच प्रारंभ करा दी है तथा चेतावनी दी है कि फर्जीवाड़े का खुलासा होने पर सख्त कार्रवाई होगी।