रोडवेज बस पर पथराव और परिचालक से मारपीट
गढ़मुक्तेश्वर। बरेली डिपो की एक एयर कंडीशन बस शनिवार की शाम को दिल्ली जा रही थी। इस दौरान ब्रजघाट के पास पहुंचने पर हाइवे पर जा रहे बाइक सवारों से साइड को लेकर बस परिचालक की कहासुनी हो गई। गुस्साए युवकों ने मोबाइल पर सूचना देकर अपने गांव से परिजनों समेत कई लोगों को बुला लिया, जिन्होंने टोल प्लाजा को पार करते ही गांव अल्लाबख्शपुर के सामने रोडवेज बस पर पथराव करते हुए कई शीशे तोड़ डाले।
इतना होने के बाद भी हमलावरों का गुस्सा शांत नहीं हुआ, उन्होंने परिचालक मोहित यादव को जबरन बस से नीचे खींचकर हाथापाई भी कर दी। सूचना मिलते ही हरकत में आई पुलिस सुरागरसी करते हुए क्षेत्र के गांव बदरखा में दबिश देकर पांच युवकों को हिरासत में ले आई। इंस्पेक्टर आरके राठी ने बताया कि साइड को लेकर हुई कहासुनी के विरोध में रोडवेज बस पर पथराव और परिचालक से मारपीट करने वाले आरोपियों इकरार, नदीम, उसैर आलम, रुस्तम और वसीम को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ शांतिभंग के तहत कार्रवाई की गई है।