इज्तमा के लिए लाखों लोग बुलंदशहर रवाना
- पूरे दिन गुजरते रहे वाहन, मुस्लिम समुदाय के लोगों ने खुद संभाली ट्रैफिक की कमान
- ट्रैफिक पुलिस ने जरूरत के अनुसार किया रूट डायवर्जन
अमर उजाला ब्यूरो
हापुड़। बुलंदशहर में शनिवार से शुरू हो रहे मुस्लिमों के तीन दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम इज्तमा को लेकर शुक्रवार सुबह से ही वाहनों का तांता लगा रहा। वाहनों की अधिकता के कारण शहर में रुक-रुककर जाम की स्थिति रही। हालांकि मुस्लिम समुदाय के लोग सड़क पर मुस्तैद रहकर ट्रैफिक व्यवस्था संभालते दिखाई दिए। पुलिस ने भी जरूरत के हिसाब से रूट डायवर्जन किया।
मुस्लिम समुदाय के लोगों का धार्मिक कार्यक्रम इज्तमा बुलंदशहर में शनिवार से शुरू हो रहा है। इसमें 30 लाख से अधिक लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। शुक्रवार को कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए सुबह से ही बड़ी संख्या में लोगों का जाना शुरू हो गया। दूर-दराज के जिलों से बड़ी संख्या में वाहन निकलने शुरू हो गए। इसके कारण शहर में जाम की स्थिति बनी रही। हालांकि शहर के लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए मुस्लिम समुदाय के लोग चौराहों और जाम लगने वाले स्थानों पर मुस्तैद रहकर पुलिस की मदद करते नजर आए। इसके कारण शहर में जाम तो लगा, लेकिन स्थिति भयावह नहीं हुई। इस दौरान यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए रूट डायवर्जन का भी प्लान था, लेकिन पुलिस ने जरूरत के हिसाब से रूट डायवर्ट किया। जाम लगने की स्थिति में ही वाहनों को बाईपास से निकाला गया।
जगह-जगह बनाए गए शिविर
इज्तमा को लेकर शहर से गुजरने वाले लोगों के लिए जगह-जगह शिविर लगाए गए हैं। सड़क किनारे इन लोगों के लिए खाने पीने और रात्रि विश्राम के साथ ही नमाज आदि पढ़ने की भी व्यवस्था की गई थी। रास्ते में खड़े होकर लोग जल सेवा करते नजर आए। रेलवे स्टेशन पर भी शिविर लगाया गया है। यहां ट्रेन से आने वाले लोगों के लिए सुविधाएं मुहैया कराई गयी हैं। शिविर में हाजी शाहिद, साजिद, यूसुफ, हाजी शाहबुद्दीन मोहम्मद वाती ने बताया कि हापुड़ स्टेशन पहुंचने वाले लोगों को बसों द्वारा बुलंदशहर रवाना करने की भी व्यवस्था है।
देशभक्ति के रंग में रंगे लोग
कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए जा रहे लोगों में देशभक्ति का जज्बा दिखायी दिया। बुलंदशहर की ओर जाने वाले कई वाहनों पर तिरंगा लहराता हुआ नजर आया।
हापुड़ से भाग लेंगे करीब दो लाख लोग
बुलंदशहर इज्तमा में हापुड़ जिले से करीब दो लाख लोगों के हिस्सा लेने की उम्मीद है। ये लोग विभिन्न वाहनों के माध्यम से बुलंदशहर पहुंचेंगे।