हापुड़ में अस्पताल खोलने के नाम पर लाखों की ठगी
-आंध्र प्रदेश के व्यक्ति ने धनपतियों को बनाया उल्लू
-लैब, मेडिकल स्टोर के नाम पर भी कैश वसूलकर चंपत
-कोतवाली में दी गयी तहरीर
अमर उजाला ब्यूरो
हापुड़। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत फ्रीगंज रोड पर अस्पताल खोलने के नाम पर आंध्र प्रदेश के एक व्यक्ति ने लाखों की ठगी कर फरार हो गया। उसने शहर के अनेक धनपतियों को निशाना बनाया है। इतना ही नहीं लैब और मेडिकल स्टोर खुलवाने के लिए मोटी रकम वसूलकर वह चंपत हो गया। शुक्रवार को अस्पताल में प्रबंधक पद पर तैनात एक व्यक्ति ने कोतवाली में मामले की तहरीर दी है। इसमें करीब दर्जनों लोग ठगी के शिकार हुए हैं।
शिकायती पत्र में मेरठ रोड स्थित संजय विहार आवास विकास निवासी प्रभात रंजन ने कहा कि 30 जुलाई 2017 को उसकी मुलाकात आंध्र प्रदेश के रहने वाले इलियास जैसमिन उर्फ पार्कर से हुई थी। उसने फ्रीगंज रोड पर एक चिकित्सक की जमीन पर अस्पताल खोलने की इच्छा जाहिर की तथा उन्हें प्रबंधक बनाने का आश्वासन दिया था।
उसके बाद उसने उस व्यक्ति के कहने पर बतौर मैनेजर फर्नीचर, डेकोरेशन स्टॉफ के लिए ड्रेस, कंबल, इलेक्ट्रिक सामान, सर्जिकल आइटम, सीसीटीवी कैमरे आदि सामान विभिन्न दुकानदारों से मंगवाया। यह सभी सामान शहर के विभिन्न व्यापारियों से खरीदा गया था। इसके अलावा मुजफ्फरनगर के रहने वाले एक व्यक्ति को मेडिकल स्टोर दिलाने का झांसा देकर करीब साढ़े चार लाख रुपये का चेक भी ले लिया।
इसके अलावा लैब बनाने के नाम पर भी एक व्यक्ति से एडवांस ले लिया। आरोपी कई लोगों को लाखों रुपये की चपत लगाकर कर फरार हो गया जिससे कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है। शहर में उक्त अस्पताल खुला भी, लेकिन मरीज कभी दिखाई नहीं दिए। अस्पताल के बाहर सिक्योरिटी गार्ड जरूर अव्वल दर्जे के नजर आत थे।
प्रभात रंजन ने पूरे मामले की जानकारी कोतवाली में देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। एसएचओ पंकज लवानिया ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है। जल्द ही मुकदमा पंजीकृत कर कार्रवाई की जाएगी।