पशुओं के टीकाकरण की होगी क्रॉस चेकिंग
हापुड़। जिले में 3.52 लाख पशुओं में गलघोंटू, खुरपका के टीकाकरण का अब सत्यापन होगा। सीवीओ ने टीमों का गठन कर, पशुपालकों से फीड बैक लेकर क्रॉस चेकिंग का निर्णय लिया है।
खुरपका और मुहंपका रोग पशुओं के लिए बेहद खतरनाक है। इस रोग की चपेट में आकर कई बार पशुओं की मौत तक हो जाती है। इस समस्या से पशुपालकों को निजात दिलाने के लिए बीते दिनों शासन स्तर से टीकाकरण अभियान शुरू किया गया था।
इस अभियान के तहत जिले में 3.52 लाख पशुओं का टीकाकरण किया गया था, लेकिन गांवों से शिकायत मिल रही है कि टीकाकरण करने वाली टीमें उनके यहां नहीं पहुंची है। इस समस्या से निजात दिलाने को सीवीओ ने टीमों का गठन कर, अभियान के क्रॉस चेकिंग का निर्णय लिया है।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. प्रमोद कुमार ने बताया कि टीकाकरण का भौतिक सत्यापन कराया जाएगा। लापरवाही बरतने वालों पर उचित कार्रवाई की जाएगी।