हाइकोर्ट के आदेश पर राज्य कर्मचारियों ने स्थगित की हड़ताल
हापुड़। पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर धरने पर डटे राज्य कर्मचारियों ने हाइकोर्ट से आदेश मिलने के बाद हड़ताल स्थगित कर दी। शुक्रवार को सरकारी कर्मचारियों ने कामकाज किया। इससे लोगों को काफी राहत मिली है।
पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर राज्य कर्मचारियों ने 12 फरवरी तक हड़ताल की चेतावनी दी थी। बीते तीन दिन से कर्मचारी हड़ताल पर थे। ऐसे में सरकारी कार्यालयों में कामकाज भी नहीं हो पा रहा था। शासन ने हड़ताल को लेकर एस्मा भी लागू किया था। इसी बीच बृहस्पतिवार को हाइकोर्ट ने आदेश जारी कर, कर्मचारियों को हड़ताल समाप्त करने को कहा। इसके बाद सरकारी कर्मचारियों ने हड़ताल को स्थगित कर दिया है। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिला मंत्री धर्मेंद्र जाखड़ ने बताया कि फिलहाल एक महीने के लिए हड़ताल को स्थगित कर दिया गया है, सभी कर्मचारी काम पर लौट गए हैं।