मिठाई की कीमत में डिब्बा भी खरीद रहे ग्राहक
गढ़मुक्तेश्वर। माप तौल विभाग की लापरवाही के चलते ग्राहक आर्थिक नुकसान उठाने को मजबूर है। मिठाई की दुकानों पर दुकानदार तीन सौ रुपये प्रति किलो कीमत तक की मिठाई के साथ 100 ग्राम तक का डिब्बा बेच रहे हैं। दुकानदार को पांच से दस रुपये तक मिलने वाला डिब्बे की तीस रुपये तक कीमत वसूली जा रही है।
यदि तीन सौ रुपये प्रति किलो की मिठाई के साथ 100 ग्राम का डिब्बा तौल दिया जाता है, तो ग्राहक को सीधे तौर पर 30 रुपये का चूना लगता है। शासन के निर्देशानुसार मिठाई तौलने के दौरान डिब्बे का वजन अलग रखा जाता है। सिंभावली क्षेत्र के दर्जनों ग्राहकों इस लूट को रोकने के लिए डीएम और विभाग के उच्चाधिकारियों को शिकायती पत्र भेजते हुए कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में मापतौल निरीक्षक ज्ञान प्रकाश द्विवेदी का कहना है कि मिठाई के साथ डिब्बा तौलने वाले दुकानदारों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।