दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग के छापे
हापुड़। दीपावली से पहले बाजार में मिलावटी सामान की बिक्री न हो इसके लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा शहर में छापेमारी की जा रही है। सोमवार को भी नगर में कई स्थानों पर छापा मारकर पांच नमूने लिये गए। इस दौरान बाजार में हड़कंप की स्थिति रही।
सोमवार को मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमालुद्दीन के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिवदास सिंह व सौरभ सोनी ने चंडी रोड स्थित एक दुकान से पनीर व मक्खन के नमूने भरे। इसके बाद टीम ने अर्जुन नगर में छापा मारा। यहां बड़ी मात्रा में रसगुल्ले बनाये जा रहे थे। लोगों की शिकायत थी कि यहां पर मिलावटी रसगुल्ले बनाए गए हैं। दरअसल, यहीं से शहर के कई दुकानों पर सफेद रसगुल्लों की सप्लाई होती है। अभी तक शिकायतों के बावजूद टीम ने यहां छापा नहीं मारा था। सोमवार को पहुंची टीम ने यहां छापा मारकर रसगुल्ले का नमूना लिया।
इसके अलावा खाद्य सुरक्षा अधिकारी धर्मपाल सिंह, संदीप कुमार व ओमप्रकाश सिंह ने देहात क्षेत्र में छापेमारी की। टीम ने गांव बड़ौदा सिहानी से दूध का नमूना तथा गढ़ क्षेत्र में स्थित एक डेयरी से पनीर का नमूना लिया।
हाफिजपुर और पिलखुवा में हो रहा मिलावटी, दूध पनीर का धंधा
- खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा शहर और देहात क्षेत्र में छापेमार कार्रवाई जरूर की जा रही है। लेकिन अभी भी ऐसे स्थानों पर शिकायत के बावजूद छापे नहीं मारे जा रहे हैं, जहां वास्तव में मिलावटी दूध और पनीर बनाने का कार्य बड़े स्तर पर हो रहा है। हाफिजपुर और पिलखुवा थाना में ऐसे कई ठिकाने हैं। लेकिन टीम द्वारा आज तक यहां कार्रवाई नहीं की गयी।