मंगलवार का साप्ताहिक बाजार गरीबों का शॉपिंग माल बना
गढ़मुक्तेश्वर। सिंभावली में मंगलवार को हाईवे किनारे और रेलवे रोड पर लगने वाला साप्ताहिक बाजार गरीब और मध्यम आय वर्ग के लोगों के लिए शॉपिंग माल से कम नहीं है। वहीं इस बाजार से ग्राम पंचायतों को प्रतिवर्ष लाखों रुपये की आय भी मिलती है। लेकिन अव्यवस्थित बाजार और पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था न होने के चलते आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
सिंभावली ब्लॉक क्षेत्र की दो ग्राम पंचायत भोवापुर मस्तान नगर और मौहम्मदपुर खुडलिया में प्रत्येक मंगलवार को लगने वाला साप्ताहिक बाजार गरीबों का शॉपिंग माल बन चुका है। इस बाजार में सिंभावली समेत आस पास के गांवों से हजारों महिला और पुरुष पूरे सप्ताह के लिए जरूरी सामान बी खरीदारी करने के साथ ही किराने का सामान, रेडीमेड कपड़े और अन्य जरूरी सामान खरीदने आते हैं। मंगलवार के बाजार में आसपास और बाहरी क्षेत्रों से आने वाले छोटे बडे दुकानदारों के लिए तो यह रोजी रोटी का साधन भी है। इस बाजार में प्रत्येक मंगलवार को लगभग 20 हजार लोग सामान खरीदने के लिए आते हैं। वहीं दोनों ग्राम पंचायतों को भी साप्ताहिक बाजार से इस वर्ष करीब 16 लाख की आय हुई है। गरीब तबके से जुड़े लोगों के लिए राजमर्रा की जरुरत का सामान सस्ते दामों पर मिलना साप्ताहिक बाजार की विशेषता है। इसलिए इसे गरीबों का शॅापिंग माल कहा जा सकता है। लेकिन बाजार सुव्यवस्थित ढंग से न लगने के चलते लोगों को भारी परेशानी भी झेलनी पड़ रही है। हाईवे की सर्विस रोड पर भी ठिए लगने के कारण लोगों को आवागमन में दिक्कत होती है। वहीं मिल का पेराई सत्र आरंभ होने के बाद बुग्गियों और ट्रैक्टर-ट्रालियों से स्थिति और भी भयंकर हो जाती है। बाजार में सुरक्षा व्यवस्था पर्याप्त नहीं होने से जेब तराश, बाइक चोरी समेत छेड़छाड़ की घटनाएं भी होती हैं। थाना प्रभारी दीक्षित त्यागी का कहना है कि मिल का पेराई सत्र शुरू होने पर हाईवे और सर्विस रोड पर बाजार नहीं लगने दिया जाएगा। साप्ताहिक बाजार में गश्त और सुरक्षा भी बढ़ाई जाएगी।