बाबूगढ़। थाना क्षेत्र के पुराने हाईवे स्थित अटूटा पुल के पास ड्यूटी कर घर लौट रहे बाइक सवार व्यक्ति से दो बदमाश 16.50 हजार रुपये लूट कर फरार हो गए। हालांकि पीड़ित ने इस मामले में अभी कोई तहरीर नहीं दी है। पुलिस घटना को संदिग्ध मानकर मामले की जांच कर रही है।
गांव उपैड़ा निवासी जयशंकर शर्मा मेरठ बदायूं हाईवे-334 स्थित गांव इमटौरी के पास एक कोल्ड स्टोरेज में काम करता है। वह रात की ड्यूटी कर अपनी तनख्वाह के 16.50 हजार रुपये लेकर शनिवार की सुबह बाइक से घर लौट रहा था। जैसे ही वह पुराने हाइवे स्थित अटूटा पुल के पास पहुंचा तो बाइक सवार दो बदमाशों ने रास्ता पूछने के बहाने उसे रोक लिया। उसने दोनों को रास्ता बता दिया। बाइक से एक बदमाश ने उतरकर उसके जेब में रखे 16.50 हजार रुपये लूट लिए। इसके बाद दोनों बदमाश फरार हो गए। उसने घर पहुंचकर यह बात अपने परिजनों को बताई।
सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच कराई जा रही है। हालांकि अभी तक पीड़ित की ओर से भी इस संबंध में कोई तहरीर नहीं दी है। उससे भी पूछताछ की जाएगी।