बार की चुनावी प्रक्रिया शुरू, पहले दिन पांच ने भरे नामांकन
गढ़मुक्तेश्वर। गढ़ बार एसोसिएशन की चुनावी प्रक्रिया शुरू होने पर पहले दिन पांच प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किए। हालांकि बाकी दावेदार सोमवार को आखिरी दिन अपने नामांकन दाखिल करेंगे।
रमजान के मद्देनजर एक माह के लिए स्थगित की गई बार एसोसिएशन की चुनावी प्रक्रिया शुरू होने के पहले दिन महज पांच नामांकन ही दाखिल हो पाए। अध्यक्ष पद के लिए सीएस यादव, उपाध्यक्ष के लिए मुकेश शर्मा, सचिव पद पर अवनीश चौधरी, सह सचिव पद पर अजय यादव और फरहान खान ने नामांकन दाखिल किए। जबकि नामांकन प्रक्रिया के आखिरी दिन सोमवार को भी शेष बचे कई दावेदार विभिन्न पदों के लिए अपने नामांकन दाखिल करेंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी सत्यप्रकाश चौहान और सहायक निर्वाचन अधिकारी अशरफ अली ने बताया कि पहले दिन अध्यक्ष, सचिव और सह सचिव पद के लिए पांच नामांकन दाखिल हुए हैं। उन्होंने बताया कि 25 जून नामांकन दाखिल करने का अंतिम दिन है, जिनकी जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया के बाद 26 जून को प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी होगी।