एसडीएम ने तेल मिलों पर मारा छापा, पांच नमूने लिए
हापुड़। जिलाधिकारी के आदेश पर बुधवार को एसडीएम के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दिल्ली व गढ़ रोड स्थित दो तेल मिलों पर छापेमार कार्रवाई की। इस दौरान टीम ने मिल से तीन सरसों तेल और दो रिफाइंड का नमूना भरा। इस कार्रवाई से तेल कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
जिलाधिकारी अदिति सिंह ने शिकायत के आधार पर एसडीएम डा. अजय कुमार श्रीवास्तव व खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को दिल्ली रोड स्थित एक तेल मिल पर छापा मारने को कहा था। टीम के यहां पहुंचते ही मिल में हड़कंप मच गया। टीम ने तेल के साथ-साथ मिल के दस्तावेजों की भी बारीकी से जांच की। उसके बाद दो सरसों तेल व एक रिफाइंड के तेल का नमूना लिया गया। उसके बाद टीम गढ़ रोड़ दादावाड़ी स्थित तेल मिल पहुंची। यहां भी टीम ने कार्रवाई करते हुए एक सरसों तेल और एक रिफाइंड का नमूना लिया। नमूने लेकर जांच के लिए लैब भिजवा दिया गया है। टीम की ओर से कार्रवाई से ऑयल मिल संचालकों में हड़कंप मच गया।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष डीएम अनिल ढींगरा के कार्यकाल में तेल मिलों पर व्यापक रूप से कार्रवाई की गई थी। इसमें कई तेल मिलों के नमूने फेल हुए थे। ऐसे में नई डीएम के आदेश पर की गई कार्रवाई से तेल कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति है। टीम में सीओ राजेश कुमार, अभिहीत अधिकारी पवन कुमार, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमालुद्दीन, खाद्य सुरक्षा अधिकारी सौरभ सोनी आदि शामिल थे।