त्योहार पर लापरवाही में एसओ हाफिजपुर लाइन हाजिर
- जाम लगने पर चौकी कालेज गेट का स्टाफ लाइन हाजिर
- एसपी की कार्रवाई से मचा पुलिस में हड़कंप
अमर उजाला ब्यूरो
हापुड़। जिले में चल रहे चेकिंग अभियान में लापरवाही बरतने पर एसपी ने एसओ हाफिजपुर को लाइन हाजिर कर दिया। वहीं, पिलखुवा स्थित कालेज गेट पुलिस चौकी पर जाम लगने से तैनात पुलिस कर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है। एसपी के इस कार्रवाई से जिले के पुलिसकर्मियों में हड़कंप मचा है।
सोमवार की शाम एसपी हेमंत कुटियाल ने जिले के थाना/ चौकी प्रभारियों को वाहन चेकिंग के निर्देश दिए हैं। लेकिन जब एसपी निरीक्षण पर निकले तो बुलंदशहर रोड पर हाफिजपुर सीमा पर चेकिंग में लापरवाही दिखने पर उन्होंने तत्काल प्रभाव से थानाध्यक्ष हाफिजपुर को लाइन हाजिर का फरमान जारी कर पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया। इसके बाद एसपी सीधे पिलखुवा पहुंचे तो उन्हें वहां हाईवे पर जाम का सामना करना पड़ा। इस दौरान मौके पर एक भी पुलिसकर्मी नहीं मिला तो एसपी ने तत्काल प्रभाव से कालेज गेट चौकी पिलखुवा को लाइन हाजिर कर दिया। चौकी पर एक प्रभारी सहित 12 पुलिसकर्मियों का स्टाफ तैनात था। एसपी की कार्रवाई से थानेदारों में हड़कंप मच गया।
एसपी हेमंत कुटियाल ने बताया कि कार्य में लापरवाही बरतने वाले हाफिजपुर प्रभारी व पिलखुवा में चौकी कालेज गेट के स्टाफ को लाइन हाजिर कर दिया गया है। कार्य में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।