अस्थायी पार्किंग बनी दुकानदारों के लिए आफत
- फ्रीगंज रोड पर कचहरी के बाहर पार्किंग का मामला
- दुकानदारों ने पार्किंग हटवाने की लगाई गुहार
अमर उजाला ब्यूरो
हापुड़।
सुरक्षा के लिहाज से कचहरी के बाहर फ्रीगंज रोड पर अस्थायी पार्किंग बनाकर पुलिस भले ही राहत महसूस कर रह है लेकिन आसपास के दुकानदारों के लिए आफत बन गई है। ग्राहकों को दुकान पर आने में हो रही परेशानी से तंग होकर व्यापारी प्रशासन से मिलकर अस्थायी पार्किंग हटवाने की गुहार लगा चुके हैं।
जानकारी के अनुसार कचहरी में सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद बनाने के लिए पुलिस व न्यायिक अधिकारियों ने मिलकर कचहरी में वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दिया था। प्रशासन ने फ्री गंज रोड पर कचहरी परिसर में जाने वाले वाहनों के लिए अस्थायी पार्किंग बनाई थी। इसके लिए निदान अस्पताल से कचहरी के मुख्य द्वार तक के बीच वाली सड़क को वनवे कर दिया गया है।
दुकानदारों के अनुसार फ्री गंज रोड को वनवे कर बनाई गई पार्किंग से उनके यहां आने वाले ग्राहकों को समस्या हो रही है। उन्हें वाहन दूसरी ओर खड़ा करना पड़ता है। जिससे जाम की समस्या हो रही है।
मेडिकल स्टोर संचालक राजन चुग ने बताया कि नई पार्किंग व्यवस्था से ग्राहकों को दुकान तक पहुंचने में दिक्कत हो रही है। जिसका असर कारोबार पर पड़ने रहा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन के अधिकारियों से इससे निजात दिलाने की मांग की है।
ग्राहक उदयराज सिंह ने बताया कि वह सामान खरीदने के लिए दुकान पर आए हैं। लेकिन उन्हें अपनी बाइक काफी दूर खड़ी करके सड़क पार करनी पड़ी है। ऐसे में दुर्घटना भी हो सकता है तो बाइक चोरी भी हो सकती है। उन्होंने इस व्यवस्था को खत्म करने की मांग की है।