क्रिकेटरों से ठगी के माफियाओं का हापुड़ से है पुराना नाता
- फरार तीनों आरोपी रहने वाले हैं हापुड़ के निवासी, दिल्ली पुलिस ने डाला हापुड़ में डेरा
- कुछ वर्ष पूर्व भी क्रिकेट के नाम पर हुई थी युवाओं से ठगी
दानिश
हापुड़। आस्ट्रेलिया सहित अन्य देशों में क्रिकेट खिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का हापुड़ से पुराना नाता है। जिले में कई बार ठगी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लेकिन समझौते के बाद मामला निपट जाता है। मंगलवार को दिल्ली पुलिस ने एक नटवरलाल को दबोचकर मामले का खुलासा किया है। इसमें शामिल फरार तीनों आरोपी हापुड़ के रहने वाले हैं। फरार आरोपियों की पकड़ के लिए दिल्ली पुलिस की टीम ने हापुड़ में डेरा डाला हुआ है।
कुछ दिन पूर्व हापुड़ के एक होटल में आस्ट्रेलिया सहित अन्य देशों में आईपीएल/ कांउटी मैच खिलाने के लिए हापुड़ में बरेली निवासी सौरभ भांबरी ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक कार्यक्रम किया था। जिसमें युवा क्रिकेटरों से फीस के नाम पर लाखों रुपये मांगे थे। इस दौरान हापुड़ का ऋषभ त्यागी झांसे में आकर सात लाख रुपये दे दिए थे। मामले की शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने आरोपी सौरभ भांबरी को गिरफ्तार कर लिया था जबकि उसके तीन साथी अब भी मामले में फरार हैं।
फरार साथियों में हापुड़ के सिंभावली निवासी मनुज गोयल, गांव जरौठी निवासी हरजीत सिंह व रोहित चौधरी निवासी गढ़ रोड मंडी बताया है। हरजीत सिंह व रोहित चौधरी आपस में रिश्ते के भाई भी लगते हैं। तीनों की गिरफ्तारी के लिए दिल्ली पुलिस ने हापुड़ में डेरा डाले हुए है।
वहीं कुछ वर्ष पूर्व एक किक्रेट एकेडमी में कोच बने एक युवक ने भी युवा क्रिकेटर से लाखों रुपये ठग लिए थे। जिसके बाद वह एकेडमी छोड़कर फरार हो गया। जिसके बाद अभी तक कोई सुराग नहीं लगा। हकुल मिलाकर स्थानीय युवा क्रिकेटरों में हड़कंप मच गया है।
एसपी हेमंत कुटियाल ने बताया कि स्थानीय स्तर पर मामले में कोई शिकायत नहीं मिली है। कोई ठगी की घटना आती है तो रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।