बादल छाने से चिलचिलाती धूप से मिली राहत
गढ़मुक्तेश्वर। प्री मानसूनी बारिश होने से बहुत जल्द मानसून का आगमन होने की आस बंधने के साथ ही दिनभर बादल छाए रहने से चिलचिलाती धूप से काफी राहत रही।
दो दिनों के भीतर हुई प्री मानसूनी बारिश से मौसम का मिजाज बदलने से हर किसी को गर्मी के कहर से काफी राहत मिली। बृहस्पतिवार की सुबह करीब दस बजे से लेकर साढ़े दस तक रुक रुककर हुई बारिश थमने के बाद भी देर शाम तक आकाश में बादल छाए रहने से सूरज की चमक पूरी तरह गायब रही, जिससे चिलचिलाती धूप के कहर से लोगों को दिनभर काफी राहत मिली, लेकिन अपेक्षित बारिश न होने से उमस भरी गर्मी का प्रकोप दूर नहीं हो पाया है। बारिश होने से मौसम के मिजाज में आए बदलाव से बर्फ की खपत में तेजी से गिरावट हुई है, जिसके चलते दुकानों पर बर्फ की बिक्री घटने से डेढ़ सौ रुपये में बिक रही सिल्ली का भाव गिरकर 80 रुपये पर आ गया।
प्री मानसूनी बारिश का सिलसिला और भी जोर पकड़ेगा
- मौसम वैज्ञानिक डॉ. नफीस चौधरी का कहना है कि मानसून का आगमन जुलाई के दूसरे सप्ताह में होने का अनुमान लगाया जा रहा है। केरल समेत देश के कई राज्यों में मानसून का आगमन हो चुका है। इसलिए अगले दो तीन दिनों के भीतर प्री मानसूनी बारिश में और भी तेजी आनी तय है।