शौचालय और बिजली कनेक्शन के लिए चक्कर लगा रही महिला
हापुड़। अधिकारी जिले में अधिकतर गांवों को ओडीएफ और हर घर में बिजली पहुंचाने का दावा कर रहे हैं। लेकिन हकीकत इन दावों की पोल खोल रही है। मंगलवार को अपने दो बच्चों के साथ संपूर्ण समाधान दिवस पहुंची गांव पूठा हुसैनपुर की महिला ने अधिकारियों से शौचालय और बिजली का कनेक्शन न दिए जाने की शिकायत की।
पूठा हुसैनपुर निवासी नीलम पत्नी पाल ने अधिकारियों के समक्ष शिकायत करते हुए बताया कि सरकार की योजना के तहत उसने घर में शौचालय और बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन कर चुकी है। लेकिन अभी तक उसे बिजली का कनेक्शन नहीं मिल रहा है। जबकि वह इस संबंध में अधिकारियों से कई बार शिकायत कर चुकी है। लेकिन अभी तक उसकी शिकायत पर सुनवाई नहीं हो रही है। ये सुविधाएं न होने के कारण उसके बच्चों को खासी परेशानी होती है। खुले में शौच का सरकार का सपना भी ध्वस्त हो रहा है। एडीएम जयनाथ यादव ने इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को मामले की कार्रवाई के निर्देश दिए।