मॉब लिंचिंग की बढ़ती घटनाओं पर जताया रोष
गढ़मुक्तेश्वर। मॉब लिंचिंग की बढ़ती घटनाओं की रोकथाम की मांग करते हुए जमियत यूथ क्लब ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम और सीओ को सौंपा।
जमियत उलमा ए हिंद और उससे जुड़े यूथ क्लब की बैठक मंगलवार को हुई, जिसमें देश में तेजी से बढ़ रहीं मॉब लिंचिंग की घटना और अल्प संख्यकों समेत दलितों पर हो रहे अत्याचार की कड़ी निंदा की गई।
जिला महासचिव मौलाना अलाउद्दीन, सचिव मौलाना महराज और तहसील क्षेत्र अध्यक्ष हाफिज मोहम्मद अली ने कहा कि पीएम मोदी देश की मजबूती को सबका साथ सबका विकास और सबके विश्वास का नारा बुलंद करते आ रहे हैं, लेकिन भाजपा से जुड़े कई संगठनों के कार्यकर्ता मॉब लिंचिंग की घृणित घटनाओं को अंजाम देने के साथ ही दलित और अल्प संख्यकों पर जुल्म ज्यादती करने से बाज आने को तैयार नहीं हैं। इसलिए केंद्र और प्रदेश सरकार को ऐसे शरारती तत्वों पर कड़ा शिकंजा कसने के लिए संबंधित कानून को और भी सख्त करने के साथ ही हर देशवासी की सुरक्षा करानी होगी। सूचना मिलने पर एसडीएम राममूर्ति त्रिपाठी और सीओ अशोक शुक्ल मौके पर पहुंच गए। जहां जिला महासचिव मौलाना अलाउद्दीन, सचिव मौलाना महराज और तहसील क्षेत्र अध्यक्ष हाफिज मोहम्मद अली ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपकर पिछले दिनों मॉब लिंचिंग की घटना में मारे गए झारखंड के मोहम्मद तबरेज अंसारी के परिजनों को आर्थिक मदद समेत कातिलों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है। मौलाना अय्यूब, कारी उस्मान, हाफिज राहत, अकरम, जाहिद अली समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।