आषाढ़ अमावस्या आज : गंगा नगरी में उमड़ रही श्रद्घालुओं की भीड़
गढ़मुक्तेश्वर। आषाढ़ अमावस्या पर पुण्यार्जित करने के उद्देश्य से आसपास के राज्यों समेत वेस्टर्न यूपी के जनपदों से गंगा भक्तों का ब्रजघाट तीर्थनगरी में आगमन जोरों पर चल रहा है, जिससे गंगानगरी में चहल-पहल बढ़ने के साथ ही हर तरफ रंगत नजर आ रही है।
आषाढ़ अमावस्या के मुख्य स्नान पर्व की डुबकी मंगलवार (आज) की तड़के में प्रारंभ होकर सूर्यास्त होने तक चलेगी। इस दौरान मोक्ष दायिनी गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर श्रद्धालु पूजा अर्चना समेत विभिन्न अनुष्ठान और गरीब निराश्रितों को दान देंगे। अमावस्या के चलते ब्रजघाट गंगानगरी में डुबकी लगाने को दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान समेत वेस्टर्न यूपी के दूरस्थ जनपदों के श्रद्धालुओं का आगमन जोरों पर चल रहा है, जिससे तीर्थनगरी में चहल-पहल बढ़ने के साथ ही सैकड़ों धर्मशाला, मंदिर और आश्रम परिसर भीड़ से फुल हो गए हैं। धर्म स्थलों में जगह न मिलने पर देर शाम को आने वाले गंगा भक्त पक्के बांध और आरती प्लेटफार्म समेत इधर-उधर खुले स्थानों पर पड़ाव डाल रहे हैं। भद्रकाली मंदिर के पुजारी पंडित रमाशंकर तिवारी ने बताया कि मंगलवार की तड़के में चार बजे ब्रह्मकाल में स्नान प्रारंभ होगा।
कोट
पालिका चेयरमैन सोना सिंह ने बताया कि डूबने की घटनाओं की रोकथाम के लिए गंगा किनारे बेरिकेडिंग कराने के साथ ही डूबने वालों के बचाने के लिए नावों समेत गोताखोरों की भी तैनाती की गई है।
कोट
सीओ अशोक शुक्ल और इंस्पेक्टर एचआर यादव ने बताया कि आषाढ़ अमावस्या पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शांति व्यवस्था से जुड़े सभी इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं। संदिग्ध लोगों पर कड़ी नजर रहेगी और हाईवे को पूरी तरह जाममुक्त रखा जाएगा। गंगा पुल के आसपास सड़क किनारे कोई भी वाहन खड़ा नहीं होने दिया जाएगा।