मॉब लिंचिंग मामले को लेकर शहर में अलर्ट
हापुड़। झारखंड में मॉब लिंचिंग के दौरान एक युवक की मौत के बाद मेरठ में मार्च निकाल रही भीड़ और पुलिस की झड़प हो गई थी। जिसके बाद वहां तनाव हो गया। इसको लेकर सोमवार को हापुड़ में भी अलर्ट रहा। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा सुबह के समय मिश्रित आबादी क्षेत्रों में मार्च निकाला गया।
झारखंड के युवक तबरेज अंसारी की मौत के बाद पूरे देश के अल्पसंख्यक वर्ग द्वारा जगह जगह शांति मार्च का आयोजन किया जा रहा है। रविवार को मेरठ में मार्च के दौरान पुलिस और लोगों की भिड़ंत हो गई। रविवार शाम को ही हापुड़ के बुलंदशहर रोड पर भी मुस्लिम समुदाय के लोगों ने बिना अनुमति शांति मार्च निकालना शुरू कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने लाठियां फटकारकर लोगों को खदेड़ दिया। इस मामले को लेकर सोमवार को भी जिले की पुलिस अलर्ट रही। सुबह के समय एसडीएम सत्यप्रकाश, सीओ राजेश कुमार व कोतवाली प्रभारी महावीर सिंह ने पुलिस बल के साथ बुलंदशहर रोड के मिश्रित आबादी क्षेत्रों में मार्च निकाला। लोगों से शांति बनाये रखने की अपील की, जबकि किसी प्रकार का उपद्रव करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। एसडीएम सत्यप्रकाश ने कहा कि माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।