दहेज के लिए विवाहिता को घर से निकाला
हापुड़। थाना देहात क्षेत्र के मोहल्ला शास्त्री नगर निवासी महिला को दहेज न देने पर पति व ससुरालियों ने मारपीट कर घर से निकाल दिया। पीड़िता ने शनिवार को एसपी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायती पत्र में पीड़िता ने बताया कि 23 फरवरी 2012 को उसकी शादी जनपद गाजियाबाद निवासी एक युवक से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर पति व ससुरालियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। 30 अक्टूबर 2013 को पीड़िता ने एक बच्चे को जन्म दिया। आरोप है कि 24 मार्च 2019 को दहेज में एक लाख की मांग करते हुए ससुरालियों ने पीड़िता के साथ मारपीट कर घर से निकाल दिया। मामले की जानकारी पर पीड़िता के परिजन ससुराल पहुंचे, जहां ससुरालियों ने परिजन के साथ भी गाली गलौज कर दी।
महिला ने बताया कि पति ने जबरन उसके पुत्र को अपने साथ रख लिया है। शनिवार को पीड़िता ने एसपी से शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की है। एसपी यशवीर सिंह ने बताया कि संबंधित थाने की पुलिस को मामले की जांच के आदेश दिए गए है।