पीएम आवास के लिए 9 जुलाई से लगेगा कैंप
हापुड़। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत आवासों के लिए आवेदन के लिए जिला प्रशासन द्वारा कैंपों का आयोजन किया जाएगा। जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) की ओर से नगरपालिका परिसर में तीन दिवसीय कैंप का आयोजन किया जाएगा।
जिलाधिकारी अदिति सिंह ने हाल ही में तीन दिवसीय कैंप लगवाए थे। जिसमें 300 से अधिक आवेदन जमा हुए। योजना का लाभ लेने से कोई भी पात्र वंचित न रह जाए, इसके लिए जिलाधिकारी ने एक बार फिर परियोजना अधिकारी डूडा को निर्देश दिए हैं। जिसके क्रम में नगरपालिका परिसर में डूडा की तरफ से अधिकृत कंपनी की ओर से तीन दिवसीय विशेष कैंप लगाया जाएगा। इसमें प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के पात्र परिवारों से आवेदन लिए जाएंगे। नौ जुलाई से 11 जुलाई तक नगर पालिका हापुड़, पिलखुवा, गढ़मुक्तेश्वर और नगर पंचायत बाबूगढ़ परिसर में कैंप का आयोजन किया जाएगा। परियोजना अधिकारी डूडा वाईएस गौतम ने बताया कि आवेदन के लिए लाभार्थी को अपना आधार कार्ड, आय प्रमाण पत्र, शपथ पत्र, बैंक की पासबुक एवं भूमि संबंधी दस्तावेजों की छाया प्रति लेकर कैंप में आवेदन करना होगा। कैंप का आयोजन सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक होगा।